Thursday 6 October 2022

सस्ता ख़ून

 


ना जाने एक पल के लिए वो क्या सोचने लगा था कि उसके होंठों से रिंस्ते उस लाल द्रव ने, उसकी नंगी 

जांघ पर टपक कर, उसके लघु चिंतन को भंग कर दिया। वो ख़ून जो उसके मूंह लग गया था, हर बार की 

तरह इस बार भी थोड़ा ठंडा ही था। मगर इस बार वो कांप गया था। यह शायद, उसी खयाल कि वजह 

से था, जो उसे कुछ पलों के लिए उस स्थिति से, जिसे वो होश कहता है, दूर ले गया था। उसे और 

खाने की चाह नहीं थी, न ही वो भूख़ से तड़प रहा था किन्तु ज़ायके की हवस ने, उसे घुटनों के बल गिरा 

कर, किसी गोंद के धब्बे में फंसे कीड़े कि भांति वहीं जमा रक्खा था। 

 

उसे याद है वो वक़्त जब वह इतना समृद्ध नहीं था। तब तो वो इस कदर वासना भोज में लिप्त नहीं था? 

फिर उसने अपने इसी विचार का विरोध करते हुए सोचा 'हो सकता है मेरे अंदर ये भूखी वासना पहले से ही 

बंद थी, पर उस समय मेरे पास धन के संसाधन नहीं थे ऐसे ख्यालों का मनोरंजन करने के लिए'। इसी भूख़ 

का विचार पाकर उसने अपनी गर्दन आगे खेंचते हुए, अपने भुथुरे दांतों से एक और नरम लोथड़े को नोचा 

और फ़ूहड़ ढंग से चबाने लगा। चबाना उसे उबाऊ लगता है। वो चाहता है कि उसकी लालची ज़बान खुराक़ 

के रस में लबालब हुए, उसे सूखा चूसते हुए निगल जाए और वो सूखा कचड़ा उसके पेट, (जो कि किसी 

गर्भवती औरत की तरह, माह प्रति माह, एक-एक इंच और बड़ा होता जा रहा है,) में ना जाकर बीच 

में ही गायब हो जाए। उसकी नीयत एक अथाह गढ्ढे की तरह गहरी होती जा रही थी जिसे की उसके ख़ुद 

के दांत ही खोद रहे थे। इस जुगाली के दौरान ही वह अपने ख़यालो में फिर से खो जाता। 

 

' नया ज़माना है ' उसने सोचा। 

 

एक नवीन सभ्यता जो पहले के मुकाबले ज़्यादा समृद्ध है। इसके लोग भी पहले से अधिक बरकत वाले, 

अधिक पैसे ख़र्चने वाले बन गए है। इनकी देखा-देखी बाज़ारों ने भी अपने फावड़े और कुदालें बड़ी कर ली हैं। 

अब वो भी नई-नई, लुभावनी तरकीबों में इन भूखे लोगों को सस्ते ख़ून के लालच में फंसा कर अपनी जेबें भर 

रहें है। क्यों कि उन्हें मालूम है कि इन बेवकूफ़, भूखे, हवसियों के मूहं सस्ता खून लग चुका है। जिसके पार या 

इर्द गिर्द कोई रास्ता नहीं है। 

 

इसी जाल, जिसमें वो डूबा हुआ है, की गहराई के बारे में सोचते हुए वह एक बार फिर खो गया था कि, सहसा,

एक आवाज़ ने उसे इस मदहोशी से बाहर निकाला। उसने देखा कि वही लालद्रव अब उसकी कनिष्ठिका से बह कर, 

सर्पाकार आकृति बनाते हुए, उसकी कलाई से होता हुआ उसकी बाहं को नाप रहा था। उसने अपनी लंबी जीव्हा से, 

एक ही फुर्तीले घुमाव में उस बहाव को ऊपर से नीचे तक पूरा चाट लिया। तभी एक आवाज़ तेज़ स्वर 

में उसके कानों में पड़ी "सुन नहीं रहा है क्या! 60% off वाला coupon अभी अभी आया है। अब कल 

का खाना भी यहीं से मंगवाएंगे"। 

उसने तुरंत ही तंदूरी पनीर रोल के आखरी टुकड़े को अपने मूह में ठूंसा और अपने जूठे हाथों से अपने मोबाइल फ़ोन पे 

उस फूड ऐप को लोभी आतुरता से खोला।



No comments:

Post a Comment